ई-टिकट के अवैध कारोबार का भंडाफोड़, एक युवक गिरफ्तार 

0
534

आरपीएफ और विजिलेंस की संयुक्त कार्रवाई, 2660 रुपये के टिकट जब्त                                                          बक्सर खबर। रेलवे टिकटों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए सोमवार को रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और विजिलेंस टीम ने संयुक्त छापेमारी की। कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। इस दौरान टिकट काउंटर के पास से एक युवक को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान रघुनाथपुर निवासी 33 वर्षीय शकील अंसारी के रूप में हुई है। वह मो. बसीर अंसारी का पुत्र बताया जाता है। टीम ने उसके पास से ओपनिंग टिकट समेत कई टिकट बरामद किए। जब्त टिकटों की कुल कीमत 2660 रुपये बताई गई है।

छापेमारी के दौरान स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरपीएफ ने मौके पर ही टिकटों को जब्त कर युवक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री और अनधिकृत बुकिंग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि रेलवे की टिकट व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टिकटों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here