बीपीएससी टीआरई-4 की मांग कर रहे अभ्यर्थियों का कांग्रेस ने किया समर्थन बक्सर खबर। शहर के गोलंबर स्थित जिला कांग्रेस कमेटी के नए कार्यालय में रविवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने की। प्रेस वार्ता में पटना के डाक बंगला चौराहा पर बीपीएससी टीआरई- 4 की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों और बेरोजगार युवाओं पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की गई। जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि रोजगार की मांग कर रहे युवाओं पर लाठियां बरसाना बेहद शर्मनाक है। सरकार युवाओं की आवाज सुनने के बजाय दमन का रास्ता अपना रही है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हर नागरिक का संवैधानिक और मौलिक अधिकार है। लेकिन वर्तमान सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलने का काम कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार सरकार शिक्षक अभ्यर्थियों की जायज मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। इससे बेरोजगार युवाओं में भारी आक्रोश है। पंकज उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शिक्षक अभ्यर्थियों की मांगों का पूर्ण समर्थन करती है। पार्टी हमेशा युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और कमजोर वर्गों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने सरकार से अभ्यर्थियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। साथ ही दमनकारी रवैया छोड़कर संवाद के जरिए समाधान निकालने की बात कही। प्रेस वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कामेश्वर पांडेय, डॉ सत्येंद्र ओझा, रामप्रश्न द्विवेदी, राजा रमन पांडेय, त्रियोगी मिश्रा, अभिषेक जायसवाल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
































































































