बच्चों की कलम से लिखी गई मां की महिमा

0
17

मातृ दिवस पर फाउंडेशन स्कूल में सात दिनों तक चले कार्यक्रम का गरिमामय समापन                               बक्सर खबर। शहर के गुरुदास मठिया स्थित फाउंडेशन स्कूल के सभागार में रविवार को मातृ दिवस समारोह का भव्य एवं भावनात्मक समापन हुआ। विद्यालय में यह कार्यक्रम 7 मई से कक्षावार आयोजित किया जा रहा था। समापन अवसर पर कक्षा 4 एवं 5 के विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर परिषद चेयरमैन कमरून निशा रहीं। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हर बच्चे को ऐसा कार्य करना चाहिए जिससे उसकी मां को उस पर गर्व हो। उन्होंने माताओं के त्याग, प्रेम और संघर्ष को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताया।

समारोह में बच्चों ने गीत, नृत्य, कविता पाठ और लघु प्रस्तुतियों के माध्यम से मातृत्व की महानता को मंच पर जीवंत कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा तैयार स्वरचित पुस्तिकाएं रहीं। कक्षा 4 एवं 5 के विद्यार्थियों ने अपनी माताओं को समर्पित कविताएं और कहानियां लिखीं। विद्यालय प्रबंधन ने इसे बच्चों की सृजनात्मकता और भावनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने वाली उत्कृष्ट पहल बताया। विद्यालय के प्राचार्य मनोज त्रिगुण ने कहा कि अधिकांश रचनाएं बच्चों की मौलिक सोच का परिणाम थी। बच्चों ने मंच से अपनी कविताओं का वाचन भी किया, जिसे सुनकर कई माताओं की आंखें नम हो गईं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में पारिवारिक मूल्यों और संवेदनाओं को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यालय का सभागार अभिभावकों से खचाखच भरा रहा। माताएं अपने बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को देखकर गौरवान्वित नजर आईं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार और अभिभावकों के बीच आत्मीयता का सुंदर वातावरण देखने को मिला। समारोह के अंत में डॉ. एसके दुबे ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग तथा विद्यालय परिवार की मेहनत की सराहना की। कार्यक्रम में मीना श्रीवास्तव, बंदना कुमारी, प्रियंका कुमारी, अनुपमा पाठक, अनीता सिंह, आयशा खातून, चंचल श्रीवास्तव, पूजा देवी, रामायण राय, अजय तिवारी, राजीव पाठक, संजीव सिंह सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here