विद्युत पोल गाड़ने के दौरान हादसा, बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती बक्सर खबर। ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर बाजार में बुधवार को विद्युत पोल गाड़ने के दौरान एक मजदूर 11 हजार वोल्ट के हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। मिली जानकारी के अनुसार, कार्य के दौरान अचानक मजदूर का संपर्क धारा प्रवाहित तार से हो गया। तेज करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद वहां मौजूद अन्य मजदूर घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल मजदूर को तुरंत रघुनाथपुर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में भी हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर भेजने की सलाह दी। हालांकि परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, जहां फिलहाल उसका इलाज जारी है। चिकित्सक डॉ. राजीव कुमार झा ने बताया कि मरीज की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है और उसे लगातार निगरानी में रखा गया है। घायल मजदूर की पहचान भोजपुर जिले के तियर गांव निवासी स्व. शंभू राम के पुत्र प्रकाश पासवान के रूप में हुई है।

































































































