स्कूलों, अस्पतालों और ग्रामीण इलाकों में मॉक ड्रिल और प्रचार-प्रसार बक्सर खबर। जिले में अगलगी की घटनाओं से बचाव और लोगों को जागरूक करने के लिए अग्निशमन विभाग ने व्यापक अभियान शुरू किया है। जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देश पर अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी, प्रधान अग्निक प्रमोद कुमार सिंह एवं अन्य कर्मियों द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण, मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत लोगों को पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र चलाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों की जानकारी भी दी जा रही है। विभाग द्वारा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर कैनोपी लगाकर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है तथा जगह-जगह बैनर और होर्डिंग भी लगाए गए हैं।
सदर अनुमंडल अग्निशमालय क्षेत्र के अंतर्गत शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर, प्राथमिक विद्यालय सेतु राजपुर, मध्य विद्यालय नरबतपुर, मध्य विद्यालय मिश्रवलिया और चरित्रवन स्थित चाइल्ड क्लिनिक में मॉक ड्रिल कर लोगों को आग से बचाव की जानकारी दी गई। इसके अलावा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगे फायर हाइड्रेट की पहचान कर उनके क्रियाशील और अक्रियाशील होने की जांच भी की जा रही है। जीविका दीदियों के साथ बैठक कर महिलाओं को भी अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विभाग द्वारा पंपलेट वितरित कर लोगों को डायल 101 और 112 की जानकारी दी जा रही है। अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने कहा कि गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में थोड़ी सतर्कता और सही जानकारी से बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। विभाग लगातार लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोग तुरंत सही कदम उठा सकें।

































































































