– शरीर को गर्म लोहे से जगह-जगह दागा, वाराणसी रेफर
बक्सर खबर। प्रेमिका से मिलने गए युवक को घर वालों ने पकड़ लिया। उसे बुरी तरह पीटा और गर्म लोहे से जगह-जगह शरीर को दाग दिया। नग्न अवस्था में उसे रात के वक्त ही ले जाकर गांव से कुछ दूर नहर किनारे झाड़ी में फेंक दिया। शुक्रवार की सुबह जब उधर से गुजरते लोगों ने युवक के कराहने की आवाज सुनी तो मौके पर पहुंचे। पता चला वह युवक नावानगर गांव का ही रोशन शर्मा है। वह झाड़ी में छिपा पड़ा था। बाहर नहीं निकला।
उसके कहने पर स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी। वे आए तो पता चला वह नग्न अवस्था में है। इस लिए बाहर नहीं आ रहा है। घर वाले उसके लिए कपड़े लेकर आए। शरीर को ढक कर अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने पाया कि कमर के नीचे उसे कई जगह बुरी तरह गर्म लोहे से दागा गया है। इस वजह से उसका शरीर जल गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। वहां जाने से पहले नावानगर अस्पताल के चिकित्सकों की सूचना पर स्थानीय पुलिस जांच के लिए पहुंची।
पीड़ित ने उन्हें बताया, रात के वक्त वह प्रेमिका के बुलाने पर उसके घर गया। घर वालों से झूठ बोला कि शादी समारोह में जा रहे हैं। आने में समय लगेगा। लेकिन, जब मैं उसके घर गया तो वहां उसके परिजनों को इसकी भनक लग गई। उन लोगों ने मुझे पहले पीटा और फिर गर्म लोहे से शरीर को जगह-जगह दागा। मैं बेहोश हो गया तो यहां झाड़ी में लाकर फेक गए। पुलिस ने पूछने पर बताया उसके परिजनों ने अभी लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। वे घायल का उपचार कराने गए हैं। घटना नावानगर गांव की है।


































































































