विजय कुमार मिश्रा ने संजय सरावगी को भेंट किया चांदी का शिवलिंग बक्सर खबर। एमएलसी उपचुनाव की बढ़ती सरगर्मियों के बीच रविवार को पुराना भोजपुर में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी, लंबा ट्रैक्टर काफिला, घोड़ों की अगुवाई और गाजे-बाजे के साथ कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्ण माहौल बना दिया। प्रदेश अध्यक्ष उपचुनाव के सिलसिले में सड़क मार्ग से जिला मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय जा रहे थे। जैसे ही उनका काफिला पुराना भोजपुर पहुंचा, भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मिश्रा ने चांदी का शिवलिंग, अंगवस्त्र और फूलमाला भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान पूरे इलाके में एनडीए के समर्थन में नारे गूंजते रहे। इस मौके पर विजय कुमार मिश्रा ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को गति देना है। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे का विस्तार, किसानों को सशक्त बनाना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना भाजपा की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में उतरें तथा एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करें।






























































































