कई यात्री घायल, एक युवती रेफर, पिकअप लेकर चालक फरार बक्सर खबर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर हुकहां गांव के समीप शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने ओवरटेक करने के दौरान पीछे से ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑटो जिला मुख्यालय से सईसड़ गांव की ओर जा रहा था। ऑटो में सवार अधिकांश यात्री सईसड़ गांव के निवासी थे। हुकहां गांव के पास पीछे से आ रही पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा।
इसी दौरान रोटी बैंक के अध्यक्ष रासबिहारी ओझा अपनी पत्नी के साथ गांव से लौट रहे थे। उन्होंने सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ी दो युवतियों को देखा और तत्काल मानवता का परिचय देते हुए एक ऑटो रुकवाकर स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिमा कुमारी (21 वर्ष), पिता बजरंगी पाठक, निवासी सईसड़, थाना दिनारा की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल जया कुमारी, पिता प्रमोद साह, निवासी सईसड़, थाना दिनारा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे में घायल अन्य लोगों में मीना देवी (55 वर्ष), कन्हैया पाठक (60 वर्ष), सोनम कुमारी (14 वर्ष), गुडू राम (36 वर्ष) तथा शिवानी कुमारी (10 वर्ष) शामिल हैं। सभी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की इटाढ़ी गुमटी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।

































































































