मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया प्रताड़ना का गंभीर आरोप, पुलिस कर रही जांच बक्सर खबर। इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बगही गांव में शुक्रवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गांव निवासी प्रमोद कुमार की 22 वर्षीय पत्नी काया देवी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रही। वहीं मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, काया देवी की शादी पिछले वर्ष जून माह में धनसोई थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव निवासी राजिंदर राम ने अपनी पुत्री की शादी बगही गांव निवासी गोरख राम के पुत्र प्रमोद कुमार के साथ की थी।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही काया देवी को ससुराल में मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। अचानक उसकी मौत की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग बगही गांव पहुंचे। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही प्रताड़ना के कारण ही उसकी मौत हुई है। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा अब तक नहीं हो सका है। इधर, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है। इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

































































































