सीएचसी से सदर अस्पताल रेफर, स्थानीय लोगों ने सड़क मरम्मत की उठाई मांग बक्सर खबर। चौसा-बक्सर मार्ग पर यादव मोड़ के समीप सड़क किनारे उभरे खतरनाक गड्ढे ने बुधवार को एक बड़ा हादसा करा दिया। गड्ढे में टोटो पलटने से उसमें सवार एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। मिली जानकारी के अनुसार, 62 वर्षीय रुनिया देवी अपने पति कालीचरण राम के साथ इलाज कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जा रही थीं। इसी दौरान जैसे ही टोटो यादव मोड़ के पास पहुंचा, चालक सड़क किनारे बने गड्ढे को भांप नहीं सका। सामने से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में टोटो अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए टोटो को सीधा किया और घायल महिला को बाहर निकाला।
इसके बाद उन्हें तत्काल चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बने गड्ढों के कारण इस इलाके में आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

































































































