निर्माणाधीन भवनों की जांच शुरू, नियमों के उल्लंघन पर लगेगा भारी जुर्माना

0
1186

शनिवार और मंगलवार को शहर के हर वार्ड में होगी सघन जांच                                                                       बक्सर खबर। नगर परिषद क्षेत्र में बिना नक्शा पास कराए और नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे निर्माण कार्यों पर अब प्रशासन सख्त हो गया है। शहर की बिगड़ती सूरत और अवैध निर्माण पर रोक लगाने के लिए नगर परिषद ने विशेष औचक निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है। कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक के निर्देश पर गठित टीम ने शनिवार को शहर के कई इलाकों में निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की जांच की। शनिवार को निरीक्षण दल ने सदर हॉस्पिटल रोड से मेन रोड, आईटीआई फील्ड, जेल पाइन, ज्योति प्रकाश चौक, बाईपास रोड और सिंडिकेट गोलंबर तक कई निर्माण स्थलों का जायजा लिया। टीम ने कई भवन स्वामियों से नक्शा और अनुमति से संबंधित कागजात की मांग की तथा नियमों का पालन करने की चेतावनी दी। निरीक्षण दल में टाउन प्लानर बन्दना, सहायक वास्तुविद अनमोल रतन, कर दारोगा नरसिंह चौबे और कम्प्यूटर ऑपरेटर मो. वाहिद अहमद शामिल रहे।

नगर परिषद द्वारा जारी आदेश के अनुसार विशेष अवकाश को छोड़कर प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को शहर के अलग-अलग वार्डों और मोहल्लों में औचक निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान निर्माणाधीन भवनों के नक्शे, स्वीकृति पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच होगी। बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण या नक्शे के विपरीत काम पाए जाने पर निर्माण कार्य तत्काल रोक दिया जाएगा। कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक ने कहा कि बिहार नगरपालिका अधिनियम 2007 तथा बिहार भवन उपविधि-2014 (संशोधित 2022) के तहत अवैध निर्माण दंडनीय अपराध है। बिना अनुमति निर्माण कराने वालों के खिलाफ काम रोकने के साथ भारी जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने लोगों से भवन निर्माण शुरू करने से पहले नगर परिषद से नक्शा स्वीकृत कराने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here