स्वार्थ से ऊपर सेवा की भावना से समाज सेवा में कायम की मिसाल, डॉ. आरके सिंह बने लेवल-2 मेजर डोनर बक्सर खबर। रोटरी क्लब जिला ईकाई के लिए यह एक गौरवपूर्ण क्षण रहा, जब संस्था के कई सदस्यों ने ‘मेजर डोनर’ का सम्मान हासिल कर समाज सेवा के क्षेत्र में नई पहचान बनाई। इस उपलब्धि ने न सिर्फ रोटरी परिवार का मान बढ़ाया, बल्कि जिले में सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रेरक मिसाल भी पेश की। कार्यक्रम के दौरान रोटेरियन डॉ. दिलशाद आलम को ‘मेजर डोनर’ के रूप में विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनकी उदारता, सेवा भावना और समाज के प्रति समर्पण की सभी ने सराहना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि उनका योगदान समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा। इसके साथ ही रोटरी क्लब के अन्य सदस्यों ने भी इस उपलब्धि को हासिल कर संस्था का गौरव बढ़ाया। डॉ. आरके सिंह को ‘ मेजर डोनर’ स्तर-2, जबकि प्रदीप जायसवाल, प्रदीप चौरसिया, दीपक अग्रवाल और डॉ. दिलशाद आलम को स्तर-1 ‘मेजर डोनर’ के रूप में सम्मानित किया गया।
इन सभी ने अपने योगदान से यह सिद्ध किया कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। रोटरी के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था का मूल मंत्र ‘स्वार्थ से ऊपर सेवा’ केवल नारा नहीं, बल्कि जीवन जीने की प्रेरणादायक सोच है। रोटेरियनों ने अपने कार्यों के माध्यम से इसे साकार कर दिखाया है। अंत में रोटरी बक्सर परिवार की ओर से सभी सम्मानित सदस्यों को बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही उम्मीद जताई गई कि उनकी यह उपलब्धि आने वाले समय में और लोगों को समाज सेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।






























































































