– छात्राओं का रहा सीबीएसई बारहवीं में दबदबा, रिजल्ट का सौ प्रतिशत
बक्सर खबर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित वार्षिक परीक्षा परिणामों में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, बक्सर के विद्यार्थियों ने अपनी मेधा और परिश्रम से विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत (100%) रहा, जो न केवल विद्यार्थियों के समर्पण बल्कि शिक्षकों के उत्कृष्ट मार्गदर्शन का भी प्रमाण है। इस गौरवशाली शैक्षणिक सत्र में कुल 45 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए और सभी ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। विशेष रूप से विद्यालय के मेधावी सितारों ने उच्च अंक प्राप्त कर सफलता की नई ऊंचाइयां छुई हैं।
शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का विवरण निम्न है :-
1. रोहित कुमार – 94.8%
2. अंजू भारती – 94.4%
3. त्रिपर्णा जाना – 94.2%
4. शिप्रा कुमारी सिंह – 93%
5. दिव्या सिंह – 92%
6. शौर्या सिन्हा – 91%
विद्यालय की इस शानदार उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए प्रबंधन समिति और शिक्षकों ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई दी। प्राचार्य वी आनंद कुमार ने कहा, “यह सफलता हमारे विद्यार्थियों के धैर्य और अटूट परिश्रम का परिणाम है। हम उनके उज्ज्वल और मंगलमय भविष्य की कामना करते हैं और विश्वास दिलाते हैं कि विद्यालय इसी प्रकार राष्ट्र के निर्माण हेतु प्रतिभावान नागरिकों को तैयार करता रहेगा।” विद्यालय परिसर में आज उत्सव का माहौल रहा और चहुंओर गौरव की अनुभूति की गई।
































































































