छात्रों, शिक्षकों और ग्रामीणों को आग से बचाव के बताए गए तरीके, अग्नि प्रवण काल को लेकर किया सचेत बक्सर खबर। जिले में बढ़ते तापमान के साथ आग लगने की घटनाओं की संभावना को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को सदर अनुमंडल अग्निशमालय अंतर्गत जिला अग्निशमन अधिकारी विनोद कुमार यादव के निर्देश पर सदर अनुमंडल अग्निशमालय अधिकारी सुनंदा कुमारी एवं अग्निशमन कर्मियों की टीम ने विभिन्न विद्यालयों और बस्तियों में अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल एवं जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता बरतने, गैस सिलेंडर, बिजली के उपकरणों तथा अन्य ज्वलनशील पदार्थों के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही अग्निशमन यंत्रों के प्रयोग का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
यह अभियान मध्य विद्यालय पुलिया, उच्च विद्यालय पुलिया, उत्क्रमित आंगनबाड़ी केंद्र बलुआ, मध्य विद्यालय बलुआ, प्राथमिक विद्यालय ठोरा, प्राथमिक विद्यालय इटाढ़ी, मध्य विद्यालय खातिबा, मध्य विद्यालय बिझौरा, कन्या विद्यालय कुकड़हा, मध्य विद्यालय खरना, इंग्लिश कॉन्वेंट स्कूल रामपुर तथा उर्दू माध्यमिक विद्यालय धनसोई सहित कई विद्यालयों में चलाया गया। इसके अलावा आसपास के गांवों की झुग्गी-झोपड़ियों में भी लोगों को आग से बचाव के उपाय बताए गए।अनुमंडल अग्निशमालय अधिकारी सुनंदा कुमारी ने कहा कि मार्च से जून तक का समय अग्नि प्रवण काल माना जाता है। इस दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है। इसलिए लोगों को सतर्क रहने, बिजली के उपकरणों का सुरक्षित उपयोग करने और आग लगने की स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना देने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा लगातार स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में मॉक ड्रिल के माध्यम से लोगों को प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा कर सकें।





























































































