उच्चस्तरीय जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग बक्सर खबर। इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज में उद्घाटन से पहले आई दरार को लेकर सदर के पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह केवल पुल में आई दरार नहीं, बल्कि सरकार की व्यवस्था और कार्यप्रणाली में व्याप्त खामियों का परिणाम है। शुक्रवार को जारी बयान में मुन्ना तिवारी ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान ही गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसके बावजूद जल्दबाजी में निर्माण पूरा कराया गया और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार हावी है। इसी कारण इंजीनियरिंग मानकों से समझौता किया जा रहा है। उनका कहना था कि इटाढ़ी आरओबी भी भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही की भेंट चढ़ गया।
पूर्व विधायक ने कहा कि आवश्यक सुरक्षा जांच और तकनीकी मानकों की पुष्टि किए बिना पुल को 31 मई से पहले आम लोगों के लिए खोल दिया गया। साथ ही इटाढ़ी रेलवे गुमटी फाटक को भी बंद कर दिया गया। ऐसे में एक सप्ताह के भीतर ही पुल में दरार आ जाना गंभीर चिंता का विषय है। मुन्ना तिवारी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के विकास कार्यों को लावारिस छोड़ दिया गया है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।































































































