समीक्षा बैठक में नाव, राहत दल, चिकित्सा सुविधा और जलनिकासी व्यवस्था की जांच पर दिया जोर बक्सर खबर। संभावित बाढ़ और सुखाड़ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी सचिव सह बिहार स्टेट पावर कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अजय यादव ने संबंधित विभागों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया। बैठक में पिछले पांच वर्षों के वर्षापात की समीक्षा की गई। अधिकारियों को पिछले वर्ष की तरह वर्षा विचलन को ध्यान में रखते हुए तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया। नदी घाटों पर उपलब्ध नावों का सत्यापन कराने तथा ओवरलोडिंग रोकने का निर्देश दिया गया। नाव संचालन के सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। प्रशिक्षित गोताखोरों, खोज एवं बचाव दल तथा पशु चिकित्सा टीम की सूची मोबाइल नंबर सहित तैयार कर सभी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने को कहा गया।
सूची को व्हाट्सएप समूहों में भी साझा करने का निर्देश दिया गया। जिले में उपलब्ध महाजाल और लाइफ जैकेट का सत्यापन कराने तथा संचार योजना सभी विभागों तक पहुंचाने को कहा गया। नैनीजोर बांध पर चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। पशुपालन विभाग की मोबाइल टीम के हेल्पलाइन नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया। ग्रामीण कार्य विभाग और पथ निर्माण विभाग को 15 जून से पहले सभी वेंट की सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश मिला। नगर परिषद द्वारा कराई गई नालों की सफाई की जांच के लिए टीम गठित करने को कहा गया। लोक स्वास्थ्य प्रमंडल को सभी स्वचालित पशु नाद शीघ्र चालू कराने का निर्देश दिया गया। वहीं हीट वेव, अगलगी और वज्रपात से होने वाली मौतों के मामलों में तत्काल मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया।
सिविल सर्जन को रात में डॉक्टरों की उपलब्धता तथा जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त भंडार बनाए रखने का निर्देश दिया गया। प्रभारी सचिव ने कहा कि सभी विभाग एसओपी के अनुरूप तैयारी पूरी करें ताकि आपात स्थिति में रिस्पांस टाइम न्यूनतम रहे। बैठक में जिलाधिकारी साहिला, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, एडीएम अरुण कुमार सिंह, डीडीसी निहारिका छवि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।































































































