जूट के सड़े बोरे की गट्ठरों में छिपाकर लाई जा रही थी 1772 लीटर शराब व बीयर, भागलपुर में होनी थी डिलीवरी बक्सर खबर। बिहार-उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले वीर कुंवर सिंह सेतु के ऊपरी पुल स्थित उत्पाद विभाग के चेक पोस्ट पर मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की गई। इस दौरान शराब तस्करी के आरोप में डीसीएम ट्रक पर सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि चेक पोस्ट प्रभारी निरीक्षक कुंदन कुमार के नेतृत्व में वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक डीसीएम ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में जूट के सड़े-गले बोरे की गट्ठर लदी हुई थी। जांच में गट्ठरों के बीच छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की 203 पेटियां बरामद हुईं। जब्त शराब में रॉयल स्टैग ग्रीन व्हिस्की, रॉयल चैलेंज व्हिस्की तथा थंडर बोल्ट बीयर शामिल हैं।
बरामद शराब की कुल मात्रा 1703.160 लीटर तथा बीयर की मात्रा 60 लीटर पाई गई। इस प्रकार कुल 1772.160 लीटर मादक पदार्थ जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के गिलौह निवासी राहुल सिंह (28 वर्ष) तथा हरियाणा के गुड़गांव जिले के बहोडा कला निवासी सचिन यादव (28 वर्ष) के रूप में हुई है। जब्त डीसीएम ट्रक का निबंधन संख्या एचआर-47एच-2415 है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि शराब की खेप हरियाणा से लाई जा रही थी और इसकी डिलीवरी बिहार के भागलपुर में की जानी थी। उत्पाद विभाग ने ट्रक, शराब और दोनों आरोपितों को जब्त कर बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।































































































