एक सप्ताह के भीतर परिमार्जन और दाखिल-खारिज के लंबित मामलों को निपटाने का अल्टीमेटम बक्सर खबर। समाहरणालय सभाकक्ष में बुधवार को जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अंचलाधिकारियों और संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी शिविर से पहले आवेदकों से आवेदन प्राप्त कर उनकी समस्याओं का शिविर में ही निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। लंबित फार्मर रजिस्ट्री मामलों को भी जल्द निपटाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने अंचलाधिकारियों और राजस्व कर्मचारियों को आपसी समन्वय बनाकर परिमार्जन पोर्टल पर लंबित सभी आवेदनों का एक सप्ताह के भीतर निष्पादन करने को कहा। दाखिल-खारिज के समय सीमा से बाहर लंबित मामलों को भी नियमानुसार शीघ्र निपटाने का निर्देश दिया गया।बैठक में बक्सर, डुमरांव, सिमरी, नावानगर, केसठ और चौगाई अंचलों की रैंकिंग संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए लंबित राजस्व वादों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बक्सर और ब्रह्मपुर अंचल में भूमि मापी कार्य की धीमी प्रगति पर भी चिंता व्यक्त की गई। जिलाधिकारी ने प्रतिदिन कम से कम दो से तीन मापी कराने और सभी लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया। भू-लगान वसूली बढ़ाने के लिए कार्य योजना बनाकर व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया। वहीं सरकारी भूमि के दाखिल-खारिज के लिए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त आवेदनों की सुनवाई कर शीघ्र निष्पादन करने पर जोर दिया गया। साथ ही लैंड बैंक से संबंधित प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया। एमजेसी और सीडब्ल्यूजेसी मामलों में चौगाई, डुमरांव, चौसा, बक्सर और सिमरी अंचलों को शीघ्र तथ्य विवरणी तैयार करने का निर्देश दिया गया।
































































































