97% अंकों के साथ अनुप्रिया बनीं स्कूल टॉपर, पेंटिंग में 5 विद्यार्थियों को मिले 100 में 100 अंक बक्सर खबर। सीबीएसई द्वारा घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में फाउंडेशन स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय की छात्रा अनुप्रिया ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यालय के उत्कृष्ट परिणाम से छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है। स्कूल परिसर में विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई। प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय से 168 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें 98 प्रतिशत विद्यार्थी सफल घोषित हुए। उन्होंने बताया कि 20 विद्यार्थियों ने 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। वहीं 40 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए।
विषयवार प्रदर्शन भी काफी उत्कृष्ट रहा। पेंटिंग विषय में श्लोक तिवारी, एकता कुमारी, अनुप्रिया विजय सिंह, अनुप्रिया ओझा और राखी कुमारी ने 100 में 100 अंक प्राप्त किए। अंग्रेजी में श्रेया सिंह को 98 अंक मिले। अकाउंटेंसी में अनुप्रिया ओझा ने 97 अंक प्राप्त किए। बिजनेस स्टडीज में 98 अंक हासिल हुए। इकोनॉमिक्स में अस्मित को 98 अंक मिले। विज्ञान संकाय में भी विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। भौतिकी में सौरभ को 93, रसायन विज्ञान में युवराज को 95 अंक मिले। जीवविज्ञान और शारीरिक शिक्षा में सौम्या ने 94-94 अंक प्राप्त किए। गणित में सर्वोच्च 95 अंक हासिल हुए। प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय के कई विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स परीक्षा भी उत्तीर्ण की है। आगामी 17 मई को होने वाली जेईई एडवांस परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी गईं।
































































































