हथियार के बल पर हुई थी लूट, पुलिस ने एक लाख नगद और मोबाइल किया बरामद बक्सर खबर। नया भोजपुर थाना क्षेत्र में अन्नपूर्णा स्वीट्स के समीप हुई 6 लाख रुपये की लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से लूट की रकम में से एक लाख रुपये नगद और एक मोबाइल बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार शनिवार को डुमरांव चिकटोली निवासी राजा कुरैशी से बाइक सवार अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर 6 लाख रुपये लूट लिए थे। घटना नया भोजपुर थाना क्षेत्र में हुई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। इस संबंध में नया भोजपुर थाना कांड संख्या 50/26 दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जियाउल इस्लाम उर्फ सिपाही को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र के सारीमपुर निवासी जियाउल इस्लाम उर्फ सिपाही, पिता खालिद इस्लाम के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक लाख रुपये बरामद किए। साथ ही एक मोबाइल भी जब्त किया गया। एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।सोमवार को नया भोजपुर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ ने पूरे मामले का खुलासा किया।


































































































