हीरो मोटोकॉर्प, डिक्सन टेक्नोलॉजीज और जय भारत मारुति कंपनी करेंगी चयन बक्सर खबर। शहर के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में 13 मई को कैंपस प्लेसमेंट सह रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन बिहार सरकार के युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में होगा। इस रोजगार मेले में देश की तीन बड़ी कंपनियां हिस्सा लेंगी। इनमें हीरो मोटोकॉर्प प्राइवेट लिमिटेड, डिक्सन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड और जय भारत मारुति लिमिटेड शामिल हैं। चयन प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क होगी। हीरो मोटोकॉर्प कंपनी हरिद्वार, उत्तराखंड के लिए 300 पदों पर भर्ती करेगी। इसके लिए अभ्यर्थी की उम्र 18 से 26 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित युवाओं को 24 हजार 933 रुपये सीटीसी तथा 17 हजार 247 रुपये इन हैंड वेतन मिलेगा।
डिक्सन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड नोएडा, उत्तर प्रदेश के लिए 100 पदों पर भर्ती करेगी। अभ्यर्थियों की उम्र 18 से 30 वर्ष होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 28 हजार 948 रुपये सीटीसी तथा 24 हजार 104 रुपये इन हैंड वेतन दिया जाएगा। वहीं जय भारत मारुति लिमिटेड अहमदाबाद, गुजरात के लिए ऑनलाइन माध्यम से 500 पदों पर चयन करेगी। इसमें 18 से 32 वर्ष तक के अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। चयनित युवाओं को 22 हजार रुपये वेतन मिलेगा। तीनों कंपनियों में आवेदन के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं एवं आईटीआई पास निर्धारित की गई है। पुरुष और महिला दोनों अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकते हैं।
आईटीआई के प्राचार्य मो. मसूद रशीद ने इच्छुक अभ्यर्थियों से 13 मई की सुबह 10 बजे तक संस्थान परिसर पहुंचने की अपील की है। अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, बायोडाटा, पासपोर्ट फोटो एवं सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र साथ लाने होंगे।

































































































