मां : है जीवन की प्रथम गुरु, डीएवी स्कूल ने दिया आदर

0
107

-छात्र कक्षा में माताओं को देख हुए आल्हादित, प्रतियोगिता का आयोजन
बक्सर खबर। मदर्स डे के पावन अवसर पर आज शनिवार ( नौ मई) को डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, बक्सर के प्रांगण में भव्य एवं आकर्षक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर सुबह से ही उत्साह, उमंग और पारिवारिक स्नेह के वातावरण से सराबोर दिखाई दे रहा था। इस विशेष अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा माताओं के सम्मान में विविध सांस्कृतिक, मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य सह प्रक्षेत्र पदाधिकारी वी. आनंद कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने स्वयं माताओं का स्वागत किया। सभी माताओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि मां केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण इकाई होती है।

वर्तमान समय में माताओं की बदलती भूमिका, बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में उनके योगदान तथा नैतिक मूल्यों के संवर्धन में उनकी अहम जिम्मेदारी पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्राचार्य ने कहा मां केवल घर-परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, समाज, प्रशासन, विज्ञान और व्यापार जैसे विभिन्न क्षेत्रों में भी अपनी विशिष्ट पहचान बना रही है। एक मां बच्चों की प्रथम गुरु होती है, जो उन्हें जीवन के प्रारंभिक संस्कार, अनुशासन, प्रेम और सहानुभूति का पाठ पढ़ाती है। कार्यक्रम में माताओं के लिए कई रोचक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें म्यूजिकल चेयर, बैलून गेम, क्विज प्रतियोगिता, रैंप वॉक, डांस प्रतियोगिता तथा टैलेंट शो विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। सभी माताओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया।

छात्रों के साथ प्रतियोगिता में शामिल माताएं

प्रतिभागियों की ऊर्जा और आत्मविश्वास ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए
बक्सर खबर। विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा माताओं के सम्मान में विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों ने गीत, संगीत, समूह नृत्य, एकल नृत्य, कविता पाठ तथा लघु नाटिका के माध्यम से मां के प्रति अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया। “मां तू कितनी अच्छी है” जैसे भावपूर्ण गीतों ने उपस्थित सभी को भावुक कर दिया। कई माताओं की आंखें अपने बच्चों की प्रस्तुतियां देखकर नम हो उठीं। कार्यक्रम में एक विशेष “मां और बच्चा” गतिविधि भी आयोजित की गई, जिसमें माताओं और बच्चों ने संयुक्त रूप से विभिन्न खेलों एवं कार्यों में भाग लिया। इससे पारिवारिक संबंधों में और अधिक मधुरता एवं आत्मीयता का संचार हुआ। विद्यालय प्रबंधन द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली माताओं को पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। विजेताओं को प्रमाण पत्र और उपहार भी प्रदान किए गए।

मदर्स डे पर डीएवी स्कूल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल माताएं

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं शिक्षिकाओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उपस्थित अभिभावकों ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यालय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि परिवार और विद्यालय के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने का एक सराहनीय प्रयास है। कई अभिभावकों ने इसे अत्यंत आनंददायक, प्रेरणादायक और यादगार बताया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी माताओं को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। प्राचार्य ने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से अभिभावकों और विद्यार्थियों के मध्य सकारात्मक संबंधों को प्रोत्साहित करता रहेगा। आज का पूरा आयोजन हर्षोल्लास, उत्साह और भावनात्मक जुड़ाव का अनुपम उदाहरण रहा। डी.ए.वी. स्कूल, बक्सर का यह मदर्स डे समारोह सभी के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।

छात्रों के साथ प्रतियोगिता में शामिल माताएं

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here