–संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो होगी विभागीय कार्रवाई बक्सर खबर। न्यायालय संबंधी कार्यों में लापरवाही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों पर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बड़ा और सख्त एक्शन लिया है। जिले के विभिन्न थानों और शाखाओं में कार्यरत कुल 42 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। जानकारी के अनुसार न्यायालय द्वारा मांगी गई कांड दैनिकी एवं संबंधित प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने और न्यायालयी कार्यों के निष्पादन में लापरवाही बरतने के मामलों को पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से लिया। इसके बाद पूरे मामले की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की जिम्मेदारी तय की गई।
समीक्षा में सामने आया कि कई मामलों में न्यायालय से मांगे गए दस्तावेज समय पर उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे न्यायालयी कार्य प्रभावित हुआ। इसे विभागीय अनुशासनहीनता मानते हुए एसपी ने सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब मांगा है। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



































































































