10वीं पास से लेकर 70 वर्ष तक के अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन बक्सर खबर। जिला नियोजनालय की ओर से जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 28 मार्च को विशेष जॉब कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कैम्प संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई फील्ड स्थित जिला नियोजनालय परिसर में आयोजित होगा। इस जॉब कैम्प में एलआईसी द्वारा एजेंट पद के लिए कुल 50 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी तरह ऑन-द-स्पॉट होगी, जिसमें अभ्यर्थियों का चयन उनकी योग्यता के आधार पर किया जाएगा।
एलआईसी एजेंट पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 70 वर्ष के बीच रखी गई है। चयनित अभ्यर्थियों को प्रथम वर्ष में 48,000 रुपये तक मानदेय (कमीशन आधारित) प्राप्त हो सकता है। कार्यस्थल के रूप में डुमरांव और ब्रह्मपुर क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं। इस अवसर के लिए पुरुष एवं महिला दोनों अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। जॉब कैम्प में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का जिला नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है। जो अभ्यर्थी अब तक निबंधन नहीं करा सके हैं, वे एनसीएस पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। कैम्प में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा एवं आधार कार्ड लेकर निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना होगा। यह कैम्प पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 03 बजे तक संचालित होगा।



































































































