साम्राज्यवाद विरोधी अभियान के तहत शहर में निकलेगा प्रतिरोध मार्च बक्सर खबर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माले का 11वां जिला सम्मेलन आगामी 30 और 31 मार्च को शहर में आयोजित होगा। इस दो दिवसीय सम्मेलन में पार्टी के बिहार राज्य सचिव कॉमरेड कुणाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को चीनी मिल मोहल्ले में प्रखंड सचिवों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की सफलता हेतु विस्तृत रणनीति तैयार की गई। जिला सचिव कॉमरेड नवीन ने बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि वर्तमान में 23 मार्च से लेकर 31 मार्च तक युद्ध-विरोधी एवं साम्राज्यवाद-विरोधी अभियान सप्ताह चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 30 मार्च को स्थानीय रेलवे स्टेशन से एक विशाल प्रतिरोध मार्च निकाला जाएगा। इस मार्च का मुख्य उद्देश्य युद्ध के बढ़ते खतरों, साम्राज्यवादी हस्तक्षेप और शांति, न्याय व जनतंत्र जैसे विषयों पर जन-चेतना जागृत करना है।
बैठक में मौजूद इंकलाबी नौजवान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजीत कुमार सिंह ने वैश्विक भू-राजनीति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का खुला उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आक्रामक कदमों से पश्चिम एशिया में भीषण युद्ध की आशंका बढ़ रही है, जिसका सीधा दुष्प्रभाव वैश्विक शांति और अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। इस बैठक में ओम प्रकाश सिंह, जगनारायण शर्मा, विरेन्द्र यादव, लंदन प्रसाद, हरेंद्र राम, विसर्जन राम और धर्मेन्द्र सिंह सहित कई प्रमुख नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



































































































