विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अधिवेशन में वर्चुअल माध्यम से जुड़े युवा

0
49

-पूरे देश में हुआ एक साथ संवाद, बिहार के मनीष को मिला केलकर पुरस्कार
बक्सर खबर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का 66 वां राष्ट्रीय अधिवेशन वर्चुअल रुप से आयोजित किया गया। मुख्य समारोह संघभूमि नागपुर में आयोजित था। वहां के डॉ0 हेडगेवार स्मृति मंदिर रेशमीबाग नागपुर में कार्यक्रम चल रहा था। कोविड को देखते हुए इस वर्ष का अधिवेशन सीमित कर दिया गया था। लेकिन, पूरे देश में 4000 जगहों पर 1,50,000 कार्यकर्ता इस समारोह में वर्चुअल रुप से शामिल हुए। उसी कड़ी में बक्सर में भी राष्ट्रीय अधिवेशन का वर्चुअल उद्घाटन किया गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बिहार प्रान्त के पूर्व प्रदेश मंत्री डॉ0 राजेश सिन्हा, विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विवेक सिंह, जिला संयोजक त्रिभुवन पाण्डेय और नगरमंत्री रविरंजन पासवान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर इसका शुभारंभ किया।

66 वें राष्ट्रीय अधिवेशन के मुख्य समारोह  का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय सरकार्यवाह भैया जी जोशी जी ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतवर्ष की यह पावन भूमि ने जब पूरा विश्व कोविड की महामारी को झेल रहा था तो हमारे देश मे लोगों ने सामाजिकता का परिचय देकर हमारे देश को कोरोना की महामारी से बचा लिया। विश्व के लोगों ने सामाजिकता को सरकार का काम माना किंतु हम भारतीयों ने सामाजिकता को सरकार का नहीं बल्कि अपना काम माना यही कारण है प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अपना देश अनुकूल परिस्थिति में बना रहा। उन्होंने कहा स्वामी विवेकानंद जी के सपनों को पूरा करना ही विद्यार्थी परिषद का उदेश्य है। हम एक ऐसा भारत बनाना चाहते है जो दुनिया के छोटे-छोटे देशों को भी संप्रभुता का संदेश देकर पूरे विश्व का नेतृत्व करे तथा सर्व समाज की स्थापना करके पुन: विश्वगुरु बन के एक समरस विश्व की स्थापना करें। राष्ट्रीय अधिवेशन में विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की भी घोषणा की गयी। जिसमें सर्वसम्मति से विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप प्रो0 छगन लाल को तथा राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में पुन: सुश्री निधि त्रिपाठी का मनोनयन हुआ।

अधिवेशन में प्रति वर्ष प्रदान किया जाने वाला प्रो0 यशवंत राव केलकर पुरस्कार बिहार के ही रहने वाले मनीष कुमार जी को कृषि के क्षेत्र में चलो गाँव की ओर अभियान को प्रदान किया गया। जिसमें पुरस्कार स्वरूप 1,00,000 तथा प्रशस्ती पत्र प्रदान किया गया। राष्ट्रीय अधिवेशन में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का स्वागत करते हुए प्रस्ताव भी पास किया गया। भारत की यह नई शिक्षा नीति छात्रों के सर्वागींण विकास के लिये नई दिशा-दशा देने वाला है।
साथ ही कृषि बिल का भी स्वागत किया गया
वर्चुअल राष्ट्रीय अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सनी सिंह, शुभम राय , समीर प्रताप सिंह, अविनाश कुमार पांडेय, नगर सह मंत्री नित्यानंद पाठक, प्रभात पाठक, हृतिक राय नगर संपर्क प्रमुख विवेक तिवारी, अभिषेक कुमार समेत कई अन्य छात्र उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here