21 जोड़ों की निकलेगी भव्य बारात, किला मैदान में दिखेगी आतिशबाजी और भोजपुरी सितारों का जलवा बक्सर खबर। शहर के वीर कुंवर सिंह चौक स्थित कार्यालय में सोमवार को महर्षि विश्वामित्र सामूहिक विवाह महोत्सव की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महोत्सव के संयोजक ओम जी यादव ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस बार सामूहिक विवाह महोत्सव को पूरी तरह शाही अंदाज में संपन्न कराया जाएगा। आगामी 26 मई को ऐतिहासिक किला मैदान में 21 जोड़ों का सामूहिक विवाह भव्य रूप से आयोजित होगा। बैठक में तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयोजकों ने बताया कि विवाह समारोह में जिला मुख्यालय समेत लगभग 50 गांवों के लोगों को आमंत्रित किया गया है। संयोजक ओम जी यादव ने कहा कि विवाह स्थल को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। किला मैदान स्थित रामलीला मंच के छोर पर 60×30 फीट का विशाल मंच बनाया जा रहा है, जिस पर एलईडी लाइट, हाइड्रोलिक सिस्टम और आधुनिक साउंड सिस्टम की व्यवस्था रहेगी। महोत्सव के तहत 25 मई को सुबह 8 बजे से 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन शुरू होगा। वहीं शाम 4 बजे से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर तथा रात 7 बजे से देवी जागरण का आयोजन किया जाएगा। देवी जागरण में बनारस और प्रयागराज के कलाकार प्रस्तुति देंगे। जीवंत झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
आयोजकों के अनुसार विवाह समारोह में 30 हजार लोगों के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई है। करीब 150 बावर्ची महाभोज तैयार करेंगे, जिसमें 80 टिन रिफाइन का उपयोग किया जाएगा। समारोह की भव्यता बढ़ाने के लिए दिल्ली की टीम द्वारा शानदार आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए किला मैदान के चारों कोनों पर ऊंचे वॉच टावर बनाए जाएंगे, जहां से आसमान में सतरंगी आतिशबाजी की जाएगी। 26 मई को सुबह 9 बजे हल्दी की रस्म किला मैदान में होगी, जबकि दोपहर में मेहंदी की रस्म स्थानीय गोयल धर्मशाला में संपन्न कराई जाएगी। शाम 6 बजे किला मैदान से भव्य बारात निकलेगी। सभी 21 दूल्हों के लिए विशेष रूप से सजाई गई गाड़ियां बारात में शामिल होंगी। बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े और स्ट्रीट लाइट के साथ बारात वीर कुंवर सिंह चौक, रामरेखा घाट रोड, पीपी रोड, ठठेरी बाजार और मेन रोड होते हुए पुनः किला मैदान पहुंचेगी, जहां जयमाल की रस्म अदा की जाएगी।

विश्वामित्र सामूहिक विवाह महोत्सव के संरक्षक भोजपुरी फिल्म जगत के सुपरस्टार गायक एवं अभिनेता अरविंद अकेला ‘कल्लू’ के नेतृत्व में भोजपुरी जगत के कई नामचीन गायक, अभिनेता और अभिनेत्रियां समारोह में शामिल होकर वर-वधु को आशीर्वाद देंगे। कलाकार मंच से अपनी प्रस्तुति देकर समारोह को और भव्य बनाएंगे। आयोजकों ने बताया कि बक्सर समेत बिहार के अन्य जिलों, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और अन्य राज्यों की जरूरतमंद बेटियों का रजिस्ट्रेशन कराया गया है। विवाह के बाद नवदंपतियों को पलंग, सोफा, अलमारी, कुर्सी, टेबल, पंखा, आयरन, स्मार्टफोन, बर्तन, कपड़े और साड़ी समेत अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री उपहार स्वरूप दी जाएगी। समारोह पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। संयोजक ओम जी यादव ने कहा कि समाज के सभी वर्गों का सहयोग इस आयोजन को सफल बनाने में मिल रहा है। बैठक में पुनीत कुमार, डॉ. श्रवण तिवारी, गुड्डू आजाद, बल्ली कुमार, दिनेश जायसवाल, सिकंदर सिंह, पंकज पांडेय, तूफानी सिंह, जयप्रकाश सिंह, अखिलेश कुमार, गौरव कुमार, तौसीफ, मल्लू कुमार, मुकुल राय, नसीम नायक, मुकेश कुमार गुप्ता, धीरज कुमार गुप्ता, ज्योति प्रकाश, रवि वर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे।


































































































