ससुराल से निकाली गई पीड़िता को मिला न्याय, एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने कराई घर वापसी बक्सर खबर। बिहार राज्य महिला आयोग के हस्तक्षेप और पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से एक बिखरता परिवार फिर से बस गया। सोमवार को नगर परिषद बक्सर क्षेत्र के पांडेय पट्टी स्थित आवास में संबंधित थाने की पुलिस ने बहू-बेटे और मासूम बच्चों को सम्मान के साथ घर में प्रवेश कराया। जानकारी के अनुसार राजपुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर गांव निवासी चिंतामणि कुमारी ने बिहार राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उन्हें छोटी बच्ची के साथ मारपीट कर ससुराल से निकाल दिया गया। साथ ही स्त्रीधन बेचने और संपत्ति दूसरी पत्नी के नाम करने का भी आरोप लगाया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला आयोग ने वाद संख्या 1583/25 दर्ज किया।
इसके बाद आयोग ने पुलिस अधीक्षक बक्सर को पत्र भेजकर पीड़िता को नियमानुसार ससुराल में रखवाने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। आयोग के पत्र के बाद एसपी शुभम आर्य ने संबंधित थाने को त्वरित कार्रवाई का आदेश दिया। सोमवार को पुलिस टीम ने पहल करते हुए चिंतामणि कुमारी, उनके पति राहुल कुमार पाण्डेय और बच्चों को सम्मानपूर्वक पांडेय पट्टी स्थित आवास में प्रवेश कराया। बताया जाता है कि परिवार लंबे समय से दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर था। पिता मृत्युंजय पाण्डेय द्वारा पुत्र राहुल पाण्डेय और पुत्रवधू को बच्चों सहित घर से बेदखल कर दिया गया था। महिला आयोग की इस पहल और पुलिस प्रशासन की सक्रिय भूमिका की क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने इसे बेसहारा परिवार को न्याय दिलाने वाली बड़ी कार्रवाई बताया है।


































































































