पैसों की तंगी से जूझ रहा भोजपुरी फिल्मों का विलेन असल जिंदगी में बना लुटेरा, गया जेल

0
1290

बक्सर खबर(नेशनल डेस्क)। मायानगरी मुंबई की आबोहवा किसको क्या बना दे, नहीं कहा सकता। हीरो बनने का सपना लिए यूपी का छोरा मुंबई पहुंचा तो गांव-घरवालों को लगा कि बेटा नाम करेगा। शुरुआत उसकी ठीक रही। दो दर्जन से ज्यादा फिल्मों में उसे विलेन का काम मिला। पर, बीच में ही कदम लड़खड़ा गए। फिल्में मिलनी बंद हो गईं। ऐसे में मरता क्या न करता की कहावत को चरितार्थ करते हुए वह असल जिंदगी में लुटेरा बन गया। पुलिस ने उसे 76 वर्षीय महिला से लाखों रुपये लूटने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। इस काम में उसका सहयोगी रहा शख्स बिहार के मधुबनी जिले का रहने वाला है। पुलिस ने उसे भी दबोच लिया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी एक्टर का नाम ओमकार उर्फ रोशन पांडेय है। यह यूपी के देवरिया का रहने वाला है। रोशन अब तक दिलजले, जानवर, दिल लगा के देख लो सहित लगभग एक दर्जन फिल्मों में विलेन की भूमिका निभा चुका है। आरोप है कि उसने मुंबई के गोरेगांव इस्ट में रहने वाली 76 वर्षीय शशि देवी के घर में लूटपाट की है। इसके लिए उसने अंदाज भी फिल्मी ही अपनाया। पहले शशि के घर में काम करने वाले नौकर प्रकाश कामत से संपर्क साधा जो उसका मित्र है। पैसे की तंगी से जूझ रहा रौशन नकाब पहनकर और चाकू लेकर महिला के घर पहुंचा। इस काम में प्रकाश ने उसकी मदद की। घर में घुसकर उसने सोना, नकद, चांदी के सिक्के और हीरे के गहने लूट लिए। वारदात को अंजाम देकर वह चंपत हो गया। उसके जाने के दस मिनट बाद प्रकाश ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस को प्रकाश पर शक हो गया। जब दबिश पड़ी तो प्रकाश टूट गया और घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने उसकी ससुराल से लूट का माल बरामद कर लिया है। साथ ही रोशन पांडेय को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here