जीविका दीदियों और ग्रामीणों को मिला फायर फाइटिंग का प्रशिक्षण

0
16

मॉक ड्रिल के जरिए समझाए बचाव के गुर, आपात स्थिति के लिए 101 और 112 नंबर डायल करने की अपील                                          बक्सर खबर। जिला में 14 से 20 अप्रैल तक मनाए जा रहे अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देशानुसार अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम ने कई कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ-साथ पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। शहर के विभिन्न स्थानों पर बैनर और होर्डिंग लगाकर भी लोगों को जागरूक किया गया। अग्नि सुरक्षा सप्ताह के पांचवें दिन शहर के बड़की सारिमपुर में जीविका दीदियों के साथ बैठक एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। वहीं वार्ड संख्या 38 में वार्ड पार्षद के साथ संयुक्त रूप से मॉक ड्रिल कर आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के तरीकों को समझाया गया। इसके साथ ही पंपलेट वितरित कर आमजन को सतर्क रहने और सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की गई।

चौसा क्षेत्र में डायल 112 और अग्निशमन सेवा के आपात नंबर 101 की जानकारी लोगों को दी गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान को व्यापक रूप दिया गया। ग्राम पवनी वार्ड 6, वार्ड 7, राजपुर थाना अंतर्गत मांगराव, इटाढ़ी थाना क्षेत्र के सरसती वार्ड 8, अतरौना वार्ड 6 तथा धनसोई थाना क्षेत्र के तारा गांव में जीविका दीदियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाई गई। अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने कहा कि अग्नि सुरक्षा सप्ताह का उद्देश्य केवल कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि लोगों में व्यवहारिक जागरूकता लाना है। यदि आमजन छोटी-छोटी सावधानियां अपनाएं और आपातकालीन नंबरों की जानकारी रखें, तो बड़ी घटनाओं को भी टाला जा सकता है। हमारा प्रयास है कि शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी हर व्यक्ति आग से बचाव के प्रति सजग और प्रशिक्षित हो। विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 101 या 112 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here