घर से निकलने से पहले सावधानी बरतने की सलाह बक्सर खबर। जिले में लगातार बढ़ती गर्मी और तेज लू को देखते हुए प्रशासन ने आम लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में बताया गया है कि गर्म हवाएं और तेज धूप का असर स्वास्थ्य पर गंभीर पड़ सकता है, जो कई बार जानलेवा भी साबित होता है। ऐसे में लोगों को जरूरी सावधानियां अपनाने की आवश्यकता है। प्रशासन ने सलाह दी है कि अत्यधिक धूप में बाहर निकलने से बचें और यदि जरूरी हो तो पर्याप्त पानी साथ रखें तथा हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें। धूप से बचाव के लिए चश्मा, गमछा या तौलिया का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है। इसके साथ ही हल्का और संतुलित भोजन करने तथा तरबूज, खीरा, ककड़ी, खरबूजा और संतरा जैसे पानी युक्त फलों का अधिक सेवन करने को कहा गया है।
घरेलू पेय पदार्थ जैसे लस्सी, छाछ, नींबू पानी और आम का पन्ना शरीर को ठंडा रखने में सहायक बताए गए हैं। वहीं चाय, कॉफी और तंबाकू जैसे पदार्थों से परहेज करने की सलाह दी गई है। बच्चों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ने और पशुओं को भी छांव व पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। अगर किसी व्यक्ति को लू लग जाए तो उसे तुरंत छांव में लिटाएं और तंग कपड़े ढीले कर दें। ठंडे पानी या गीले कपड़े से शरीर को ठंडा करें तथा कूलर या पंखे का उपयोग करें। पीड़ित को ओआरएस, नमक-चीनी का घोल या नींबू पानी दें, लेकिन यदि वह उल्टी कर रहा हो या बेहोश हो तो कुछ भी खाने-पीने को न दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि एक घंटे के भीतर स्थिति में सुधार न हो तो मरीज को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर नजर रखें और किसी भी तरह की तबीयत खराब होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।






























































































