छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर परखी शिक्षा की गुणवत्ता बक्सर खबर। शनिवार को जिलाधिकारी साहिला ने डुमरांव स्थित मॉडल +2 राज हाई स्कूल का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं आधारभूत सुविधाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर पढ़ाई की स्थिति देखी और छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति एवं समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करें, नियमित उपस्थिति बनाए रखें तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, प्रयोगशाला एवं पुस्तकालय की स्थिति का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी बुनियादी सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप हर हाल में सुनिश्चित की जाएं। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक को विद्यालय को प्राप्त राशि का उपयोग पूर्ण पारदर्शिता एवं नियमानुसार करने का सख्त निर्देश दिया, ताकि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जा सके।































































































