इंजीनियरिंग कॉलेज में विश्व पृथ्वी दिवस पर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन

0
56

एनसीसी कैडेट्स एवं छात्रों ने लिया जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त भविष्य का संकल्प                            बक्सर खबर। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर इटाढ़ी रोड स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में 30 बिहार बटालियन एनसीसी के निर्देशन में जागरूकता संगोष्ठी एवं जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में पर्यावरण संरक्षण, जल बचाव तथा सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राम नरेश राय ने कहा कि पृथ्वी हमारा एकमात्र निवास स्थान है, जिसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी हम सभी पर है। उन्होंने बढ़ते प्रदूषण, जल संकट और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन पर चिंता जताते हुए विद्यार्थियों से पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने और अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर “प्लास्टिक के पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण को प्रोत्साहित करें” विषय पर विशेष व्याख्यान एवं विचार-विमर्श सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें प्लास्टिक के पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही जल संरक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियों और जागरूकता अभियानों के माध्यम से विद्यार्थियों को जल के महत्व और उसके संरक्षण के उपायों की जानकारी दी गई। संगोष्ठी में एनसीसी कैडेट्स सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण व जल संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम वर्ष की छात्रा सताक्षी सहित अन्य प्रतिभागियों ने प्रभावशाली प्रस्तुति देकर सभी को प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रथम वर्ष की छात्रा आकृति सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।कार्यक्रम के समन्वयक सहायक प्राध्यापक एवं एनसीसी समन्वयक डॉ. रामदयाल सिंह कुशवाहा ने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करना है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस आयोजन को सफल बनाने में एनसीसी कर्मियों का भी अहम योगदान रहा। इस अवसर पर सीएचएम बलविंदर सिंह एवं सीएचएम हरि बहादुर का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here