27 अप्रैल को रोजगार शिविर, 400 पदों पर होगी भर्ती

0
482

नोएडा की दो बड़ी कंपनियां करेंगी चयन, दसवीं से स्नातक तक के अभ्यर्थियों को मौका                                     बक्सर खबर। जिले के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला नियोजनालय द्वारा आगामी 27 अप्रैल को एक रोजगार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई फील्ड स्थित जिला नियोजनालय परिसर में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 03 बजे तक संचालित होगा। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस शिविर में नोएडा स्थित दो प्रतिष्ठित निजी कंपनियां अभ्यर्थियों का सीधे परिसर में चयन करेंगी।पहली, मदरसन प्राइवेट लिमिटेड, जिसमें गुणवत्ता, उत्पादन एवं भंडार पदों पर कुल 200 रिक्तियां हैं। इसके लिए वेतन 12,726 से 15,210 निर्धारित है, आयु सीमा 18 से 35 वर्ष रखी गई है तथा योग्यता 10वीं, 12वीं, स्नातक एवं आईटीआई (किसी भी ट्रेड) मांगी गई है। कार्यस्थल नोएडा होगा और इसमें महिला एवं पुरुष दोनों अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, साथ ही अतिरिक्त समय कार्य पर दोगुना वेतन दिया जाएगा।

दूसरी, इनोवसोर्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, जिसमें एसी निर्माण कार्य के लिए 200 पद उपलब्ध हैं। इसके लिए वेतन 13,761 से 15,759, आयु सीमा 18 से 30 वर्ष तथा योग्यता 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक निर्धारित है। कार्यस्थल नोएडा होगा और इसमें केवल पुरुष अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकते हैं। कंपनी द्वारा एक समय भोजन, नाश्ता, चाय, बस सुविधा, ड्रेस एवं जूते सहित अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। रोजगार शिविर में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का जिला नियोजनालय में पंजीकरण अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों का पंजीकरण नहीं हुआ है, वे राष्ट्रीय कैरियर सेवा पोर्टल (www.ncs.gov.in⁠�) पर ऑनलाइन निबंधन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अपने साथ बायोडाटा एवं आधार कार्ड लेकर निर्धारित तिथि पर शिविर में उपस्थित हों। इस रोजगार शिविर में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है। नियोजनालय की भूमिका इस पूरी प्रक्रिया में केवल सुविधा प्रदाता की है। नियुक्ति से संबंधित सभी शर्तों के लिए संबंधित नियोजक स्वयं जिम्मेदार होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here