जिलाधिकारी के निर्देश पर 12 केंद्रों पर चला फेज-2 का ट्रेनिंग प्रोग्राम बक्सर खबर। जिलाधिकारी साहिला के निर्देशानुसार जनगणना 2027 को लेकर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिला अंतर्गत नामित प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों के लिए 16 से 18 अप्रैल तक फेज-2 का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। शनिवार को इस प्रशिक्षण की गुणवत्ता की जांच एवं अनुश्रवण के लिए विभिन्न पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई। प्रतिनियुक्त अधिकारियों ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विभिन्न चार्ज क्षेत्रों में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपस्थिति, संसाधनों की उपलब्धता एवं प्रशिक्षण प्रक्रिया का गहन आकलन किया गया।
जिले के कुल 12 प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने प्रशिक्षण व्यवस्था को संतोषजनक पाया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य की सफलता के लिए प्रगणकों का प्रशिक्षित एवं दक्ष होना बेहद जरूरी है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रिया, डेटा संग्रहण की विधि एवं तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि आगामी जनगणना कार्य को सुचारू एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जा सके।































































































