तवकल राय के डेरा में चर्चित जमीनी विवाद कांड में था फरार बक्सर खबर। जिले के तिलक राय का हाता थाना क्षेत्र स्थित तवकल राय के डेरा में वर्ष 2023 में हुए चर्चित जमीनी विवाद व हत्या कांड के मुख्य फरार अभियुक्त को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। करीब ढाई वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी धुरान यादव उर्फ जयप्रकाश यादव को पुलिस टीम ने छत्तीसगढ़ से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे बक्सर लाया गया है। ज्ञात हो कि 7 जून 2023 को तिलक राय का हाता थाना कांड संख्या 187/23 दर्ज किया गया था। आपसी जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में प्रदीप कुमार सिंह और उनके बड़े भाई रामबचन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान रामबचन यादव की मौत हो गई थी, जिसके बाद मामला हत्या की धारा में परिवर्तित कर दिया गया था।
मामले में धुरान यादव उर्फ जयप्रकाश यादव समेत कई लोगों की संलिप्तता सामने आई थी। पूर्व में दो अभियुक्त-रामजी यादव एवं रामअवतार यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जबकि धुरान यादव लगातार फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए ठिकाना बदलता रहता था। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की थी। टीम द्वारा मानवीय सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में 27 फरवरी को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर छत्तीसगढ़ में कार्रवाई कर फरार इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त धुरान यादव उर्फ जयप्रकाश यादव, पिता रामअवतार यादव, निवासी तवकल राय के डेरा, थाना तिलक राय का हाता, जिला बक्सर का रहने वाला है। उसके विरुद्ध तिलक राय का हाता थाना कांड संख्या 187/23 में धारा 341, 323, 307, 337, 338, 302 (परिवर्तित) एवं 34 भादवि के तहत मामला दर्ज है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ डुमरांव पोलस्त कुमार के अलावा डीआईयू के पुलिस निरीक्षक सुधीर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मंगलेश कुमार मधुकर, पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक राजू कुमार तथा सशस्त्र बल की टीम शामिल रही।































































































