लाभकारी कृषि हेतु प्रौद्योगिकी का करें प्रयोग: डीएओ

0
39

किसान मेला सह फल, फूल व सब्जी प्रदर्शनी में उत्कृष्ट कृषक हुए सम्मानित                                                बक्सर खबर। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण के तत्वावधान में बाजार समिति प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय किसान मेला शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। मेले में जिले भर से पहुंचे किसानों ने आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, जैविक उत्पादों और नवाचारों को देखा-समझा। किसानों को संबोधित करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार ने कहा कि आत्मा द्वारा आयोजित किसान मेला किसानों के लिए नई तकनीकों को सीखने और अपनाने का सशक्त मंच है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ड्रोन तकनीक, आधुनिक कृषि यंत्र, ड्रिप इरिगेशन, फ्रंट लाइन डेमोन्स्ट्रेशन एवं हाइड्रोपोनिक्स जैसी आधुनिक विधियों को अपनाकर किसान उत्पादकता और आय दोनों में वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आत्मा के प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत किसानों को अन्य राज्यों के प्रतिष्ठित कृषि संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाया जाता है। आगामी दिनों में सीमैप, लखनऊ तथा भारतीय बीज अनुसंधान संस्थान, मऊ समेत अन्य संस्थानों में प्रशिक्षण कराने की योजना है। इच्छुक किसान संबंधित प्रखंड के बीटीएम एवं एटीएम से संपर्क कर सकते हैं।

फल-फूल-सब्जी प्रदर्शनी में किसानों ने एक से बढ़कर एक उत्पाद प्रस्तुत किए। चयनित उत्कृष्ट प्रदर्शों को पुरस्कृत किया गया। सब्जी वर्ग: अंकित कुमार सिंह (प्रथम), श्याम बिहारी सिंह (द्वितीय), मार्कण्डे सिंह (तृतीय) मशरूम वर्ग: मिथलेश सिंह (प्रथम), दशरथ सिंह (द्वितीय), चंदन सिंह (तृतीय) फल वर्ग: श्रीराम सिंह (प्रथम), ओमप्रकाश शाह (द्वितीय), सुरेन्द्र सिंह (तृतीय) अनाज वर्ग: सुनीता देवी (प्रथम), मनोज सिंह (द्वितीय), आलोक सिंह (तृतीय) विशेष वर्ग: जय प्रकाश राय (प्रथम), अयोध्या सिंह (द्वितीय), मनीष कुमार (तृतीय) अन्य बेहतर प्रदर्श लाने वाले किसानों को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। मेले में प्राकृतिक खेती एवं समेकित कीट प्रबंधन का लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया। अनुमंडल कृषि पदाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि इन तकनीकों को अपनाकर किसान न्यूनतम लागत में मिट्टी, पर्यावरण और स्वास्थ्य को सुरक्षित रखते हुए बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।

जिला मत्स्य पदाधिकारी द्वारा छह लाभुकों के बीच आईस बॉक्स एवं जाल का वितरण किया गया, जिससे मत्स्य पालकों को अपने उत्पादों के सुरक्षित भंडारण एवं विपणन में सहूलियत मिलेगी। मेले में कोचस एफपीओ द्वारा स्ट्रॉबेरी उत्पाद, उत्तम जैगरी द्वारा देशी गुड़, आरुणया एफपीओ द्वारा मशरूम उत्पाद, डुमरांव एफपीओ द्वारा जैविक उत्पाद, मनोज कुमार सिंह द्वारा मधु उत्पाद, मेसर्स हरियाली एवं कलावती एग्रो द्वारा आधुनिक कृषि यंत्र, कुशवाहा पर्ल प्रोडक्शन द्वारा मोती की खेती तथा कुशवाहा इंडस्ट्रीज द्वारा पराली पैकेट का प्रदर्शन किया गया। आत्मा द्वारा प्रशिक्षित जयप्रकाश सिंह, संजय पाठक एवं जीविका दीदी ने अपने अनुभव साझा कर किसानों को प्रेरित किया। कार्यक्रम का समन्वय आत्माकर्मी रघुकुल तिलक ने किया। इस अवसर पर उप परियोजना निदेशक रणधीर कुमार, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण बी. मौर्या, बीज उत्पादन-सह-विपणन पदाधिकारी आकर्षा राज, डुमरांव अनुमंडल कृषि पदाधिकारी वेदप्रकाश सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here