गांधीगिरी से खुला जाम का रास्ता, भगत सिंह पार्क के पास सुधरने लगी तस्वीर

0
97

पूर्व उप मुख्य पार्षद की पहल से 10 दिनों में दिखा असर, बिना बुलडोजर सुगम हुआ आवागमन                                                                बक्सर खबर। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल शहीद भगत सिंह पार्क के आसपास वर्षों से चली आ रही अतिक्रमण और जाम की समस्या के समाधान की नई पहल रंग लाने लगी है।प्रशासन की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के बीच अब स्थानीय जनप्रतिनिधि की गांधीगिरी लोगों का ध्यान खींच रही है। मुनीम चौक और प्रधान डाकघर के समीप स्थित इस पार्क के आसपास निजी अस्पताल, तीन सरकारी विद्यालय और पानी टंकी होने के कारण दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। पार्क के निकट जिले की सबसे बड़ी गोला बाजार मंडी है, जहां सैकड़ों किराना और जनरल स्टोर संचालित हैं। दूसरी ओर फल एवं सब्जी मंडी सजती है। प्रतिदिन सुबह फल की थोक मंडी लगने से क्षेत्र में भारी भीड़ उमड़ती है।

सुबह से करीब 11 बजे तक पार्क के चारों ओर की सड़कें जाम से प्रभावित रहती थीं। स्थानीय लोगों, छात्रों और राहगीरों की परेशानी को देखते हुए प्रशासन समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान और बुलडोजर कार्रवाई करता रहा है। हालांकि कुछ घंटों बाद ही फिर से सड़क किनारे दुकानें सज जाती थीं और स्थिति पहले जैसी हो जाती थी। इसी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में वार्ड पार्षद एवं पूर्व उप मुख्य पार्षद इंद्र प्रताप सिंह उर्फ बबन सिंह ने स्वयं पहल शुरू की है। वह प्रतिदिन सुबह अपने सहयोगियों के साथ भगत सिंह पार्क पहुंचते हैं और फल विक्रेताओं से विनम्रतापूर्वक सड़क के किनारे दुकान लगाने का आग्रह करते हैं। वह सुबह करीब 10:30 बजे तक क्षेत्र में मौजूद रहकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने का प्रयास करते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 10-12 दिनों से इस पहल का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है। पहले जहां सुबह के समय बाइक, रिक्शा और ई-रिक्शा निकालना भी मुश्किल होता था, वहीं अब छोटे वाहनों के साथ कार और जीप भी आसानी से गुजर रही हैं। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि वर्षों से चली आ रही समस्या के समाधान में इस बार बुलडोजर से अधिक प्रभाव गांधीगिरी का नजर आ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि यह प्रयास लगातार जारी रहा तो भगत सिंह पार्क क्षेत्र स्थायी रूप से अतिक्रमण और जाम की समस्या से काफी हद तक मुक्त हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here