आइसा और आरवाईए ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से मांगा इस्तीफा बक्सर खबर। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में शनिवार को आइसा और आरवाईए के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को डुमरांव स्थित नया थाना के समीप पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का पुतला फूंका गया और उनके इस्तीफे की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि देश में बेरोजगारी गंभीर समस्या बन चुकी है। लगातार पेपर लीक, भर्ती घोटालों और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली से छात्र-युवा परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पेपर लीक मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।
आरवाईए नेता सह अंबेडकर विचार मंच के अध्यक्ष बाबूलाल राम ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियां हो रही हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र और युवा अब अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं। वक्ताओं ने कहा कि आइसा-आरवाईए के राष्ट्रीय आह्वान पर 6 और 7 जून को देशभर में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ विरोध कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जब तक पेपर लीक पर ठोस कार्रवाई नहीं होती और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र प्रसाद ने किया, जबकि अध्यक्षता अरविंद यादव और प्रभात कुमार ने की। प्रदर्शन में धनई राम, सर्वेश कुमार पांडेय, रिंकू कुरैशी, बंटी पटेल, धर्मेंद्र यादव, कृष्णा राम, सुरेश यादव, जाबिर, शंकर तिवारी, भगवान दास सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।































































































