खेत में गिरी आकाशीय बिजली, 12 वर्षीय किशोर की मौत

0
757

——तीन किसान गंभीर रूप से झुलसे, गांव में मातम                                                          बक्सर खबर। राजपुर थाना क्षेत्र के जमौली गांव में शनिवार की शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम करीब पांच बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान गांव के बधार में काम कर रहे लोगों पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से सत्येंद्र चौहान का 12 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार, विमलेश चौहान का 30 वर्षीय पुत्र योगेश कुमार तथा परमेश्वर चौहान की 45 वर्षीय पत्नी शैल कुंवर गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना के बाद ग्रामीणों ने सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया। आशीष कुमार की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। माता-पिता समेत परिवार के अन्य सदस्य रो-रोकर बेहाल हैं। वहीं, गांव में शोक का माहौल है। घायलों का इलाज जारी है। ग्रामीणों ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवार को सरकारी सहायता देने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here