—-फाउंडेशन जूनियर स्कूल में लगाया हेल्थ अवेयरनेस कैंप बक्सर खबर। शहर के रोटरी क्लब की ओर से मंगलवार को फाउंडेशन जूनियर स्कूल में वृक्षारोपण एवं स्कूल हेल्थ अवेयरनेस कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व रोटरी अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने किया। कार्यक्रम में बच्चों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। वृक्षारोपण के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया। वहीं हेल्थ कैंप में स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम और पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई।
रोटरी अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि बच्चों में स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता आज की सबसे बड़ी जरूरत है। ऐसे कार्यक्रम समाज को बेहतर दिशा देने का काम करते हैं। करीब 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभिभावकों को सीपीआर जैसी जीवन रक्षक तकनीक की भी जानकारी दी गई। इस मौके पर रोटरी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. मनीष पांडेय, सचिव एसएम साहिल, रोट्रैक्ट सदस्य राहुल कुमार, मनीष कुमार तथा विद्यालय के प्राचार्य कुमार कौशलेंद्र मौजूद रहे। शिक्षकों और अभिभावकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।


































































































