केसठ और चौगाई में शत-प्रतिशत वोटिंग, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ चुनाव बक्सर खबर। बिहार विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र 06-भोजपुर-सह-बक्सर उप निर्वाचन के तहत मंगलवार को जिले के सभी 11 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हो गया। मतदान के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को लगातार सतर्क रहकर निष्पक्ष मतदान कराने का निर्देश दिया गया। उप विकास आयुक्त निहारिका छवि और अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने भी मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निर्वाचन कार्य में 11 सेक्टर दंडाधिकारी, 6 जोनल दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारी लगातार सक्रिय रहे। प्रशासन की निगरानी में सभी केंद्रों पर स्वच्छ, पारदर्शी और भयमुक्त वातावरण में मतदान कराया गया। जिले में कुल 2303 मतदाता थे। इनमें 1083 पुरुष और 1220 महिला मतदाता शामिल रहे। मतदान समाप्ति के समय जिले का कुल मतदान प्रतिशत 97.48 दर्ज किया गया। पुरुष मतदान प्रतिशत 98.06 और महिला मतदान प्रतिशत 96.97 रहा। केसठ और चौगाई प्रखंड कार्यालय में बनाए गए मतदान केंद्रों पर शत-प्रतिशत मतदान होने से प्रशासनिक महकमे में उत्साह देखा गया।


































































































