—–प्रणव चटर्जी महाविद्यालय में विदाई समारोह आयोजित बक्सर खबर। स्थानीय प्रणव चटर्जी महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष और लब्ध प्रतिष्ठित विद्वान प्रो. (डॉ.) कृष्ण नन्द मिश्र अपनी चालीस वर्षों की लंबी और गौरवशाली शैक्षणिक सेवा के पश्चात गुरुवार को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलेज परिवार ने उनके योगदान को याद किया। समारोह को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) महेश दत्त सिंह काफी भावुक नजर आए। उन्होंने प्रो. मिश्र के साथ बिताए समय और उनके अनुशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि जो संस्थान से दिल से जुड़े थे, वे आज औपचारिक रूप से जुदा हो गए। अब भविष्य में उनसे मुलाकात कहां और कब होगी, यह तो पता नहीं, लेकिन कामना है कि जब भी मिलें, वे उसी ऊर्जा और स्नेह के साथ मिलें जैसे पहले मिला करते थे।
विदाई की इस बेला में उपस्थित वक्ताओं ने प्रो. मिश्र को वनस्पति विज्ञान का एक जीवंत इनसाइक्लोपीडिया बताया। उन्होंने न केवल छात्रों का मार्गदर्शन किया, बल्कि संस्थान की उन्नति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह में प्रो. सुशील कुमार सिंह, डॉ. शिवजी पाण्डेय, प्रो. (डॉ.) चक्रपाणी मिश्र, प्रो. संतोष कुमार, सुनील कुमार सिंह, पूजा यादव, प्रीति सिंह, निखिल कुमार, शुभम कुमार, चंदन कुमार, नन्देश्वर जी, शमीम, भोला प्रसाद और गजेन्द्र सिंह सहित अन्य कर्मचारी व छात्र उपस्थित थे। समारोह के अंत में प्रो. मिश्र को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय भविष्य की कामना की गई।






























































































