कल सुबह 4 बजे से लागू होगा नया ट्रैफिक रूट चार्ट

0
1016

–शहर के कई मुख्य मार्गों पर नो एंट्री, पार्किंग के लिए हवाई अड्डा, आईटीआई, बाजार समिति और किला मैदान चिह्नित                                                                    बक्सर खबर। वैशाख पूर्णिमा के पावन अवसर पर शहर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुचारू यातायात व्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, 1 मई को सुबह 04 बजे से शाम 05 बजे तक शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदली रहेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और जाम से मुक्ति के लिए कई मार्गों पर वाहनों के प्रवेश को वर्जित किया गया है। शहर के ज्योति प्रकाश चौक से मॉडल थाना चौक, मॉडल थाना चौक से नाथ बाबा पुल और रामरेखा घाट जाने वाले मार्गों पर दो पहिया को छोड़कर अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा, सिंडिकेट से मॉडल थाना चौक और मठिया पुल से मुनिम चौक की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे। चार पहिया वाहन गोलम्बर से सिंडिकेट बाईपास रोड होते हुए ज्योति प्रकाश चौक से न्यू आईटीआई रोड के रास्ते आवागमन करेंगे।

ई-रिक्शा और ऑटो के लिए तीन विशेष रूट बनाए गए हैं, जो मुख्य रूप से गोलम्बर, सिंडिकेट, ज्योति प्रकाश चौक, स्टेशन रोड और बाजार समिति रोड के क्षेत्रों को जोड़ेंगे। प्रशासन ने बस, ट्रैक्टर और पिकअप के लिए हवाई अड्डा मैदान, आईटीआई मैदान और बाजार समिति जैसे स्थलों को पार्किंग के लिए चिह्नित किया है। वहीं, छोटे वाहनों और मोटरसाइकिल के लिए किला मैदान एवं उसके पीछे के हिस्से में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बड़े वाहनों, ट्रैक्टर और पिकअप के लिए सुबह 03 बजे से रात 10 बजे तक शहर में ‘नो एंट्री’ लागू रहेगी। रोगी वाहनों, एम्बुलेंस और अति आवश्यक सेवाओं को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपने साथ रेलवे टिकट जरूर रखें ताकि उन्हें आवागमन में असुविधा न हो। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से चार पहिया वाहनों का प्रयोग न करें और सुगम यातायात बनाए रखने में सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here