-पेट्रोल पंप पर भीड़ देख लोगों ने बनाई अपनी-अपनी थ्योरी बक्सर खबर। शहर में मंगलवार को एक दिलचस्प और कुछ हद तक हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला। सुबह पेट्रोल पंपों पर ऐसी भारी भीड़ उमड़ी मानो ईंधन मुफ्त में बंट रहा हो, लेकिन शाम होते-होते वही परिसर पूरी तरह वीरान नजर आए। इस स्थिति को देखकर स्थानीय लोगों ने अपनी-अपनी थ्योरी बनानी शुरू कर दी, कुछ लोगों ने तो मजाक-मजाक में इसे मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध का असर तक बता दिया। दरअसल, शहर के महाराजा पेट्रोल पंप पर सुबह से ही दोपहिया और चार पहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अफरातफरी ऐसी थी जैसे लोगों को डर हो कि कल से पेट्रोल मिलना बंद हो जाएगा। पंप के मैनेजर पवन राय ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि पिछले कुछ दिनों से डिपो से पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिल पा रही थी और सोमवार को स्टॉक पूरी तरह खत्म हो गया था।
मंगलवार को जैसे ही तेल का टैंकर पंप पर पहुंचा, यह खबर शहर में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। नतीजा यह रहा कि सुबह जो पंप ग्राहकों से गुलजार था, स्टॉक खत्म होते ही शाम तक वहां सन्नाटा पसर गया। हालांकि, इस किल्लत का युद्ध से कोई लेना-देना नहीं है। जिले की वर्तमान स्थिति इस प्रकार है: हिंदुस्तान पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल से संबंधित पेट्रोल पंपों पर तेल की उपलब्धता सामान्य है और वहां सुचारू रूप से आपूर्ति हो रही है। मुख्य समस्या भारत पेट्रोलियम के साथ है। मुजफ्फरपुर डिपो में तकनीकी खराबी आने की वजह से बीपीसीएल के पेट्रोल पंपों की सप्लाई चेन प्रभावित हुई है, जिससे इन पंपों पर तेल की कमी देखी जा रही है।
































































































