सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल, घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी बक्सर खबर। धनसोई बाजार में खुलेआम फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो मनचलों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवकों के पास से पुलिस ने एक देसी पिस्टल और चार खोखे बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम द्वारा की गई। घटना बीते कल यानी गुरुवार की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि धनसोई बाजार में एक कार सवार व्यक्ति सरेआम फायरिंग कर रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन किया।
गठित टीम ने जब धनसोई बाजार में दबिश दी और कार को आगे से घेरने का प्रयास किया, तो कार चालक पुलिस को देख वाहन छोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर धनसोई पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी की। इस दौरान एक आरोपी भागने में सफल रहा, जबकि दो अन्य को पुलिस ने हथियार के साथ दबोच लिया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोलू कुमार यादव, पिता- अर्जुन सिंह, श्याम कुमार उर्फ लड्डू, पिता- विरेन्द्र यादव दोनों निवासी- सिसौंधा, थाना- धनसोई के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और घटनास्थल की जांच के बाद एक देसी पिस्टल, चार इस्तेमाल किए गए कारतूस के खोखे और एक कार बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि फरार तीसरे सहयोगी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जा रही है।



































































































