रामनवमी की पूर्व संध्या पर पुलिस ने किया दंगारोधी मॉक ड्रिल, निकला फ्लैग मार्च

0
146

डीएम और एसपी के नेतृत्व में एंटी राइट गन, टियर गैस और वाटर कैनन के साथ जवानों ने परखी अपनी तैयारी                                      बक्सर खबर। रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देशन में शहर में दंगा नियंत्रण से संबंधित व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। शहर के स्टेशन रोड स्थित ज्योति प्रकाश चौक पर आयोजित इस मॉक ड्रिल में पुलिस बल ने एंटी राइट गन, टियर गैस, वाटर कैनन समेत अन्य दंगा निरोधी उपकरणों के प्रयोग का अभ्यास किया। इस दौरान जवानों को संभावित विषम परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च भी निकाला गया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पुलिस बल की सक्रिय मौजूदगी ने आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया। फ्लैग मार्च में स्थानीय थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बल भी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने मुख्य बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल एवं वाहन से गश्त की। अधिकारियों ने आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की। मॉक ड्रिल के दौरान डीडीसी निहारिका छवि, सदर एसडीएम अविनाश कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here