पैक्स अध्यक्ष सुदामा सिंह को अपराधियों ने मारी गोली, हालत नाजुक

0
1693

सुबह काली मंदिर के पास वारदात, ऑपरेशन कर निकाली गई गोली                                                                  बक्सर खबर। जिले के सोनबरसा थाना क्षेत्र के गिरिधर बराव गांव में मंगलवार की सुबह पैक्स अध्यक्ष सुदामा सिंह को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। घटना गांव के काली मंदिर के समीप हुई, जहां रोज की तरह लोग अपने कामकाज में जुटे थे। अचानक चली गोली से अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुदामा सिंह को पैर की जांघ में गोली लगी है, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। गोली लगते ही परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए आरा स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने त्वरित ऑपरेशन कर गोली निकाल दी। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति नाजुक लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।

घटना के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि यह घटना आपसी रंजिश या पूर्व विवाद का परिणाम हो सकती है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही सोनबरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here