चैती छठ पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने लिया फैसला बक्सर खबर। इस वर्ष चैती छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए सदर एसडीएम अविनाश कुमार ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। इसके तहत महापर्व के दौरान गंगा नदी में आज और कल 25 मार्च तक नावों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रशासन द्वारा जारी पत्र के अनुसार, चैती छठ के अवसर पर नगर के सभी गंगा घाटों पर भीड़ उमड़ती है। अक्सर देखा जाता है कि लोग मनोरंजन के लिए नावों पर सवार होकर गंगा नदी का भ्रमण करते हैं। भीड़भाड़ और गहरे पानी के कारण ऐसी स्थितियों में किसी भी अप्रिय घटना या बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने इस बार नाव के परिचालन को पूरी तरह प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया है।
एसडीएम ने गंगा घाटों पर तैनात सभी दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे सुनिश्चित करें कि नदी में किसी भी सूरत में नाव न चले। यदि कोई नाविक नियमों का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे डिजिटल डिस्प्ले और बैनर के माध्यम से आम जनता को इस प्रतिबंध की जानकारी दें। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और घाटों पर तैनात पुलिस बल का सहयोग करें, ताकि आस्था का यह पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।



































































































