यूपी से पटना ले जाई जा रही थी अवैध खेप, सरेंजा मोड़ पर पुलिस की कार्रवाई बक्सर खबर। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजपुर थाना पुलिस ने एक सफलता हासिल की है। पुलिस ने सरेंजा मोड़ के समीप एक एम्बुलेंस से भारी मात्रा में शराब बरामद करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम मुफस्सिल थाना पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि उत्तर प्रदेश की ओर से शराब की एक बड़ी खेप एम्बुलेंस के जरिए लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध एम्बुलेंस को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पुलिस को चकमा देकर सरेंजा की ओर भाग निकला।
इसके बाद मुफस्सिल थाना की सूचना पर राजपुर थाना पुलिस ने सरेंजा क्षेत्र में सघन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान संदिग्ध एम्बुलेंस को घेरकर रोक लिया गया। तलाशी लेने पर एम्बुलेंस से 52 पेटी, करीब 452 लीटर शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एम्बुलेंस चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान पटना जिले के सदीसोपुर निवासी रामबिलास प्रसाद के पुत्र मोनू कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह यूपी से शराब की खेप लेकर पटना जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


































































































